NHM Protest: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 14,000 से अधिक संविदा कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा देकर सरकार को बड़ा झटका दिया है। वेतनमान और नियमितीकरण की मांग को लेकर यह कर्मचारी पिछले 19 दिनों से हड़ताल पर थे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जो भारत में ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का प्रमुख कार्यक्रम है, उसकी कार्यप्रणाली पर यह आंदोलन गहरी छाप छोड़ सकता है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के बारे में:
- भारत सरकार द्वारा वर्ष 2013 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) शुरू किया गया, जिसमें इसके दो उप-मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NRHM) वर्ष 2005 और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (NUHM) वर्ष 2013 शामिल है।
- इसका नोडल मंत्रालय: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) है।
- मिशन का लक्ष्य जिला और उप-जिला स्तर पर स्वास्थ्य अवसंरचना सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि करना है।
उद्देश्य:
- ग्रामीण और शहरी आबादी को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना।
- स्थानीय स्तर पर स्थानिक रोगों सहित संचारित और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण।
- भोजन, पोषण, स्वच्छता, सफाई और स्वास्थ्य देखभाल के लिए सार्वजानिक सेवाओं तक सार्वभौमिक पहुंच, जिसमें महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और सार्वभौमिक टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
- कुल स्वास्थ्य देखभाल व्यय पर घरेलू खर्च को कम करना एवं क्षय रोग से होने वाली वार्षिक घटनाओं और मृत्यु दर को आधे से कम करना।
- स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के साथ ही कमजोर समूहों पर ध्यान केंद्रित करना।
कार्यान्वयन रणनीति:
- एनएचएम के वित्त पोषण मॉडल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि विभिन्न स्वास्थ्य सेवा घटकों, विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले और ग्रामीण आबादी के लिए भी संसाधनों का प्रभावी आवंटन सुनिश्चित हो।
- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों को वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्रदान करता है।
- केंद्र सरकार और राज्यों के बीच फंड का बंटवारा 60:40 जबकि सिक्किम सहित पूर्वोत्तर राज्यों के लिए 90:10 है।
- जिला अस्पताल (DHs) तक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रावधान।
- इस मिशन को विशिष्ट स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए विश्व बैंक और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन सहित अंतराष्ट्रीय संगठनों से भी समर्थन प्राप्त है।
ग्रामीण स्वास्थ्य प्रणाली की खाई को पाटने के उपाय:
- आधारभूत संरचना को मजबूत करना।
- मानव संसाधन में वृद्धि करना।
- सेवा वितरण में सुधार करना।
मुख्य विशेषताएँ:
- जरूरत-आधारित हस्तक्षेप के लिए जिला स्तर पर विकेंद्रीकरण।
- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न पहलों और कार्यक्रमों के माध्यम से लागू किया जाता है, इसमें देश भर में स्वास्थ्य परिणामों को बेहतर बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी एवं अंतर-क्षेत्रीय और अंत: – क्षेत्रीय अभिसरण को बढ़ावा देता है।
- शिशु और मातृ मृत्यु दर को कम करना तथा जनसंख्या स्थिरीकरण और लिंग व जनसांख्यिकी संतुलन प्राप्त करना।
- प्रभावी संसाधन उपयोग सुनिश्चित करता है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) सरकारी स्वास्थ्य पहल को बढ़ावा देने, समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने, निवारक स्वास्थ्य सेवा, सेवाओं तक पहुंच में सुधार करने और मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को संबोधित करने पर ध्यान केंद्रित करने वाली नीतियों और कार्यक्रमों को लागू करके सार्वजानिक कल्याण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
